नव वर्ष के पहले दिन कोरोना संक्रमितों की संख्या में वृद्धि होने के साथ संक्रमण में माघ मेला पुलिस लाइन में भी दस्तक दे दी है। शुक्रवार को 24 घंटे में नए संक्रमितों की संख्या 39 दर्ज की गई। आरएएफ के एएसआई समेत आठ जवान भी संक्रमित हुए हैं। एसआरएन ईएंडटी विभाग के एक डॉक्टर, एक अधिवक्ता की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उपचार के दौरान एक संक्रमित की मौत हो गई। इसके साथ ही कोरोना संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या 377 हो गई है।
नोडल अधिकारी कोरोना डॉ ऋषि सहाय के मुताबिक शुक्रवार को 5670 लोगों की कोरोना जांच कराई गई। जिसमें माघ मेला पुलिस लाइन में आए पांच होमगार्डों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है।