कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ निजी क्षेत्रों में कोविड लेवल टू स्तर के हॉस्पिटल शुरू करने की कवायद तेज हो गई है। पांच निजी अस्पतालों के आवेदन पर विचार हो रहा है। नियम और शर्तों के लिए शासन स्तर से स्वास्थ्य विभाग पत्राचार कर रहा है।
विभाग की कोशिश यह है कि शहर की सीमा पर स्थित निजी अस्पतालों को अधिकृत किया जाए। ताकी आबादी से दूर संक्रमण का जोखिम कम होने के साथ पड़ोसी जनपदों के मरीजों को भी इसका लाभ मिल सके।
निजी क्षेत्र के यूनाइटेड मेडिसिटी को कोविड उपचार के लिए अधिकृत किया गया है। इस सूची में जल्द ही कुछ नाम और जुड़ जाएंगे। फिलहाल फाफामऊ, झूंसी, नैनी, बम्हरौली या मनौरी में निजी क्षेत्र के अस्पतालों में कोरोना संक्रमितों को लेवल टू स्तर की चिकित्सा सेवाएं जल्द मिलेंगी।
जानकारी के मुताबिक पांच अस्पतालों ने आवेदन किया। सुविधाओं का निरीक्षण के बाद वहां कोरोना उपचार की सहमति बनी है। इस पर शासन की अनुमति जरूरी होती है। सो औपचारिकताओं को पूरा करने वाले अस्पताल कोविड उपचार के लिए जल्द अधिकृत किए जाएंगे।
होम आइसोलेशन के बाद कोविड संक्रमितों को उनकी इच्छा के मुताबिक अधिकृत निजी अस्पतालों में इलाज कराने की सुविधा देने पर विचार किया जा रहा है। अस्पतालों मे सुविधाओं का परीक्षण किया गया है। शासन की अनुमति पर सेवा शुरू करा दी जाएगी। -
डॉ. राहुल सिंह, नोडल अधिकारी कोविड केयर सेंटर