केंद्रीय रेल विद्युतीकरण संगठन (कोर) की ओर से बुधवार को जीएम अवार्ड दिए गए। यह अवार्ड बिजली, इंजीनियरिंग, सर्वोत्तम परियोजना, कार्मिक आदि विभागों के कामों के लिए दिए गए। इसके अलावा अफसर एवं कर्मियों को भी जीएम अवार्ड दिए गए। बिजली, इंजीनियरिंग, सर्वोत्तम परियोजना एवं कार्मिक विभागों में बेहतर काम जयपुर पहले नंबर पर रहा। जीएम ने जयपुर को शील्ड प्रदान की। इसमें दूसरे नंबर पर अंबाला रहा। अंबाला को सिगनलिंग एवं दूर संचार में बेहतर काम के लिए पहले नंबर की शील्ड भी मिली। भंडार के लिए भुवेश्वर एवं अंबाला को संयुक्त रूप से, लेखा के लिए सिकंदराबाद एवं न्यूजलपाईगुड़ी को संयुक्त, विशेष उपलब्धि के लिए चेन्नई एवं लखनऊ को संयुक्त शील्ड प्रदान की गई।
एनसीजेसीसी में आयोजित समारोह में कोर के जीएम महेश मंगल ने सभी परियोजनाओं के अफसरों एवं कर्मियों को भी सम्मानित किया। इसमें अंबाला के 12, भुवनेश्वर के नौ, चेन्नई के 10, दानापुर के नौ, गोरखपुर के पांच, जयपुर के 14, जबलपुर के 11, कोलकाता के आठ, लखनऊ के 11, न्यूजलपाईगुड़ी के 10, सिकंदराबाद के 10 कर्मियों के साथ इलाहाबाद के सीपीआरओ वीके श्रीवास्तव, प्रताप सिंह, हरिहर यादव, संजय चौधरी, अजीज अहमद, जय प्रकाश सिंह, एसए अजहर समेत 65 अफसर एवं कर्मियों को जीएम ने सम्मानित किया।
इसके पहले कोर कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में जीएम ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में 2500 करोड़ रुपये का काम मिला है। इससे 2400 किलोमीटर रूट का इलेक्ट्रिफिकेशन करना है। उन्होंने कहा कि बजट अच्छा मिला है। पिछले वर्ष कोर ने रिकार्ड 700 पीआरएस निरीक्षण कराया है। इलाहाबाद-मानिकपुर के बीच इलेक्ट्रिफिकेशन का काम एडवांस स्टेज में है। शंकरगढ़ तक का काम इस माह पूरा हो जाएगा।