इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के 19 फरवरी के होने वाले चुनाव में बैलेट पेपर से वोट डाले जाएंगे और 22 फरवरी को मैनुअल तरीके से गिनती होगी। यह जानकारी रविवार को प्रेस क्लब में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन वीसी मिश्रा ने दी।
वरिष्ठ अधिवक्ता वीसी मिश्रा ने बताया कि 28 पदों के लिए 193 प्रत्याशी मैदान में हैं। वोटिंग सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक होगी। वोट डाले जाने के लिए कुल 20 गेट बनाए गए हैं। गेट नंबर एक और दो से सीनियर अधिवक्ता और महिला अधिवक्ता वोट डाल सकेंगी जबकि, बाकी 18 गेट पर सभी वोटिंग करेंगे। वोटिंग के लिए हाईकोर्ट के गेट नंबर चार एवं पांच से ही प्रवेश की अनुमति रहेगी। वोटिंग स्थल के आसपास किसी भी प्रकार का प्रचार-प्रसार नहीं किया जा सकेगा।
अधिवक्ताओं को ड्रेस कोड में आना होगा और अपने साथ हाईकोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा दिया गया परिचय पत्र (अन्य परिचय पत्र नहीं मान्य होंगे) की छाया प्रति एवं वोटर सीरियल नंबर लेकर आना होगा। यदि परिचय पत्र की छाया प्रति साथ में नहीं लाएंगे तो उनका मूल परिचय पत्र जमा कर लिया जाएगा जो, चुनाव बाद वापस किया जाएगा।
वरिष्ठ अधिवक्ता ने बताया कि वोटर जैसे ही गेट के अंदर प्रवेश करेगा और अपने परिचय पत्र की छाया प्रति के साथ वोटर क्रमांक लिखकर देगा तो तुरंत ही कंप्यूटर में उसका वोटर क्रमांक क्लिक किया जाएगा। जिसमें उसका फोटो व परिचय पत्र निकलेगा। उसकी फोटो खींचने के पश्चात रजिस्टर में हस्ताक्षर करना होगा तथा उंगली पर स्याही लगेगी तभी निश्चित स्थान पर जाकर वोट डाला जा सकेगा।
मतपत्रों पर टिक लगाने के बाद उसे बिना मोड़े मत-पेटिका में डालना होगा। मोड़े हुए मतपत्र अवैध माने जाएंगे। वोटों की गिनती 22 फरवरी से शुरू होगी। इसके लिए बार की लाइब्रेरी हाल और स्टडी हाल में व्यवस्था की गई है। वोटिंग कराने के लिए बाहर से लोगों को हायर किया गया है। ऐसी व्यवस्था की गई है कि कोई भी वोटर दोबारा वोट नहीं डाल सकेगा। इस मौके पर मुख्य चुनाव अधिकारी वशिष्ठ तिवारी सहित बड़ी संख्या में चुनाव कराने वाली टीम मौजूद रही।