इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उच्चतर शिक्षा निदेशक वंदना शर्मा को अवमानना का नोटिस जारी करते हुए कोर्ट आदेश का 23 मार्च तक पालन करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा कि यदि आदेश का पालन नहीं किया गया तो वह 23 मार्च को कोर्ट में हाजिर हों।
यह आदेश न्यायमूर्ति एमसी त्रिपाठी ने राधाकृष्ण की अवमानना याचिका पर दिया है। याची भदवार विद्या मंदिर डिग्री कालेज, बाह, आगरा से सेवानिवृत्त हुआ। लेकिन, उसकी पेंशन के भुगतान को लेकर विवाद तय नहीं हुआ तो याचिका दाखिल की गई। कोर्ट ने निदेशक को निर्णय लेने का निर्देश दिया, जिसका पालन नहीं किया गया।
इससे पहले कोर्ट के आदेश का पालन न करने पर दाखिल अवमानना याचिका पर एक माह का समय दिया गया था। अवहेलना करने पर दोबारा यह अवमानना याचिका दाखिल की गई है। कोर्ट ने निदेशक को याची की पेंशन भुगतान के मामले में तीन माह में निर्णय लेने का निर्देश दिया था। दोबारा छह सप्ताह में पालन का निर्देश दिया गया। फिर भी आदेश का पालन नहीं किया गया तो कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। सुनवाई 23 मार्च को होगी।