प्रयागराज। इंडियन ऑयल के सूबेदारगंज टर्मिनल को मिर्जापुर में शिफ्ट करने का निर्णय ले लिया गया है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री के निर्देश के बाद इंडियन ऑयल प्रबंधन ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। इसके लिए चुनार से लगे हिनौती गांव में 95 एकड़ क्षेत्रफल में नए टर्मिनल का निर्माण आरंभ कर दिया गया है। इंडियन ऑयल कारपोरेशन के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार अगले दो से तीन वर्ष के भीतर सूबेदारगंज टर्मिनल की शिफ्टिंग कर दी जाएगी। इससे पहले इस डिपो से तेल आपूर्ति निर्बाध गति से जारी रहेगी।
सूबेदारगंज और मुगलसराय टर्मिनल को चुनार के पास हिनौती गांव में प्रस्तावित नए टर्मिनल में शिफ्ट करने के लिए पेट्रोलियम मंत्रालय के निर्देश पर निर्माण आरंभ करा दिया गया है। पुरानी व घनी आबादी के बीच इस टर्मिनल के होने की वजह से इस इलाके में आएदिन जाम, प्रदूषण की समस्या के साथ ही तेल टैंकरों की भरमार से हादसों की आशंका बनी रहने से लंबे समय से इस टर्मिनल की शिफ्टिंग की आवाज उठाई जा रही थी। इस बीच सूबे के सूक्ष्म लघु मध्यम व रेशम तथा खादी ग्रामोद्योग मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस ,कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र लिखने के साथ ही वार्ता कर सूबेदारगंज टर्मिनल की शिफ्टिंग का आग्रह किया था।
अब पेट्रोलियम मंत्री के निर्देश पर अफसर इस टर्मिनल की शिफ्टिंग के लिए सक्रिय हो गए हैं। हिनौती में 95 एकड़ क्षेत्रफल में नए टर्मिनल का निर्माण आरंभ कर दिया गया है। हिनौती में तकरीबन 650 करोड़ रुपये की लागत से 10 हजार किलो लीटर क्षमता का ऑयल टर्मिनल विकसित किया जाएगा। इंडियन ऑयल के अधिकारियों की टीम ने नए टर्मिनल के निर्माण कार्यों का जायजा लेने के साथ ही अन्य औपचारिकताओं को पूरी कराने की दिशा में काम तेज कर दिया है। अफसरों के मुताबिक प्रस्तावित तेल टर्मिनल से पूर्वांचल के अधिकांश हिस्सों में पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति की जाएगी। कहा जा रहा है कि टर्मिनल के शुरू होने से रोजाना 900 से 1000 टैंकर तेल आपूर्ति यहां पर होगी।
प्वाइंटर
95 एकड़ क्षेत्रफल में इंडियन ऑयल कारपोरेशन ने शुरू कराया नए टर्मिनल का निर्माण
10 हजार किलोलीटर क्षमता का होगा नया तेल टर्मिनल
03 वर्ष तक का समय सूबेदारगंज टर्मिनल की शिफ्टिंग में लगने का अनुमान
कोट
सूबेदारगंज टर्मिनल को शिफ्ट कराने की दिशा में काम शुरू हो गया है। इसके लिए हिनौती में निर्माण आरंभ करा दिया गया है। दो से तीन वर्ष में नए टर्मिनल का निर्माण पूरा होने की उम्मीद है। -अमित कुमार सिंह, डीजीएम, इंडियन ऑयल कारपोरेशन।
नए टर्मिनल के पूर्वांचल के अधिकांश जिलों में होगी तेल आपूर्ति
सूबेदारगंज टर्मिनल से प्रयागराज के अलावा कौशांबी, सुल्तानपुर, अमेठी, चित्रकूट और बांदा समेत कई जिलों को तेल की आपूर्ति की जाती है। इंडियन ऑयल के अफसरों के मुताबिक हिनौती में बन रहे नए टर्मिनल से आने वाले दिनों में पूरे पूर्वांचल में तेल की आपूर्ति की जाएगी।