लखनऊ रूट पर फाफामऊ और अटरामपुर रेलवे स्टेशन के मध्यम ट्रेन को पलटने की साजिश नाकाम हो गई। शनिवार को सुबह रेलवे ट्रैक पर लोहे का पोल रखा मिला। लोको पायलट की सतर्कता से हादसा टल गया। पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक लिया और पोल हटाने के बाद अधिकारियों को जानकारी दी। इससे महकमे में खलबली मच गई।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के प्रयाग से ऊंचाहार रेलखंड स्थित फाफामऊ और अटरामपुर रेलवे स्टेशन के मध्य शनिवार सुबह लगभग 04:15 बजे रेलवे ट्रैक पर एक लोहे का पुराना स्ट्रीट पोल मिला। गनीमत रही कि समय रहते रेलवे ट्रैक पर रखे लोहे के पोल को वहां से गुजर रही एक मालगाड़ी के लोको पायलट ने देख लिया।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि ऊंचाहार की तरफ सुबह एक मालगाड़ी जा रही थी। मालगाड़ी के लोको पायलट संयोग शर्मा ने रेलवे ट्रैक पर लोहे का पोल देखा तो उन्होंने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। ट्रेन मैनेजर प्रवीण की मौजूदगी में वहां से पोल को हटा दिया गया है। यह जानकारी लखनऊ मंडल के कंट्रोल रूम को दी गई। बाद मे सहायक उप निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल फाफामऊ मौके पर पहुंचे। रेलवे अफसरों को कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है।
इस मामले में रेलवे यात्रा कर रहे कर रहे यात्रियों की सुरक्षा को जानबूझकर खतरा उत्पन्न करने के संबंध में रेलवे सुरक्षा बल प्रयागराज की ओर से फाफामऊ आउटपोस्ट में मुकदमा अपराध संख्या 48/2025 U/S 153 रेलवे एक्ट S/V के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
विज्ञापन
रेलवे महकमे में मची खलबली
फाफामऊ और अटरामपुर रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर लोहे के पुल मिलने के बाद रेलवे महकमे में खलबली मच गई। आरपीएफ के तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए। आरपीएफ की टीम छानबीन में जुट गई है। रेलवे ट्रैक के आसपास स्थित घरों में रहने वालों से आरपीएफ पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इसका खुलासा कर लिया जाएगा।