महेवा कला गांव में विद्युत विभाग की लापरवाही और संविदा कर्मियों की मनमानी का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां महज 118 रुपये के बकाया बिल पर उपभोक्ता पंचीमा देवी पत्नी महेश निषाद का घरेलू विद्युत कनेक्शन संख्या 5037499000 को बुधवार शाम बिना किसी पूर्व सूचना के काट दिया गया। घटना से ग्रामीणों में काफी नाराजगी है।
उपभोक्ता पंचीमा देवी ने बताया कि कनेक्शन काटने के दौरान वह मौके पर मौजूद थीं और लगातार कर्मियों से निवेदन करती रहीं कि वह नियमित उपभोक्ता है और हर महीने समय से बिल जमा करती हैं। उन्होंने कर्मियों को हाल ही में जमा किए गए बिल की रसीद भी दिखाई लेकिन कर्मचारियों ने कनेक्शन काट दिया।
पीड़िता का कहना है कि वह तीन दिनों से विद्युत उपकेंद्र का चक्कर लगा रही हैं लेकिन हर बार लाइनमैन यही कह रहा है कि अधिकारी का आदेश आने पर ही कनेक्शन जोड़ा जाएगा। ऐसे में उनका परिवार चार दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर है।
ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की इस मनमानी से आम उपभोक्ता लगातार परेशान हो रहे हैं। उन्होंने उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच और लापरवाह कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जिन उपभोक्ताओं का बिल जमा है उनका भी कनेक्शन काट दिया जाता है, ताकि बाद में सिफारिश और सेटिंग के नाम पर वसूली हो सके। विद्युत विभाग को इस तरह की मनमानी पर रोक लगानी चाहिए। दीपक कुमार, प्रधान महेवा कला
गांव में कई बार ऐसे मामले सामने आ चुके हैं कि जिनका बिल समय से जमा है उनका भी कनेक्शन काट दिया जाता है। उपकेंद्र पर पहुंचने के बाद ही पता चलता है कि बकाया मामूली था। बड़े बकायेदारों को छोड़कर गरीबों को परेशान करना विभाग की पुरानी आदत है। - दिलीप सोनकर, कोटेदार महेवा कला।
संविदा कर्मी कनेक्शन को चंदा वसूली का माध्यम बना चुके हैं। एक उपभोक्ता का कनेक्शन जोड़ने के नाम पर दूसरे का भी बिना कारण काट दिया जाता है। विभाग को पारदर्शिता लानी होगी और मनमानी करने वाले कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।- हीरालाल निषाद, समाजसेवी महेवा कला
शिकायत की जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उपभोक्ता का कनेक्शन जल्द जोड़ दिया जाएगा। -अशोक कुमार, एसडीओ, मांडा