इलाहाबाद (ब्यूरो)। ईद के पहले मुस्लिम इलाकों में जबरदस्त गंदगी और जलभराव की समस्या से आजिज प्रियंका गांधी यूथ बिग्रेड के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को डीएम कार्यालय में प्रदर्शन किया। उस दौरान डीएम संगम सभागार में सांसद, विधायकों सहित अन्य विभागों के अफसरंों के साथ बैठक में व्यस्त थे। प्रदर्शनी डीएम को बाहर बुलाने की मांग पर अड़ गए। शोर-शराबा और नारेबाजी के बीच एसडीएम ने बाहर आकर लोगों को शांत कराया और समस्या सुनी।
कांग्रेस नेता हसीब अहमद एवं श्रीचंद्र दुबे ने बताया कि पुराने शहर के चौक, नखासकोहना, रानीमंडी, अटाला, रसूलपुर, करेली, गौस नगर, बहादुरगंज, हटिया, खुल्दाबाद, अकबरपुर, करबला, हिम्मतगंज मस्जिदों के आसपास गंदगी का अंबार लगा है। हल्की बारिश में भी नाले-नालियों का पानी सड़क पर भर जाता है। शुक्रवार को आखिरी जुमा एवं उसके बाद ईद है। इसमें भीड़ अधिक होने के कारण नमाज सड़क पर भी होती है। आरोप लगाया कि महापौर और नगर आयुक्त जनता की समस्याओं से मुंह फेर रहे हैं। शिकायतों के निराकरण के बजाए अपने कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि 24 घंटे के भीतर समस्याओं का समाधान न किया गया तो जीटी रोड पर चक्काजाम किया जाएगा। प्रदर्शन एवं ज्ञापन देेने वालों में डॉ.असलम, सुजीत मिश्रा, महताब खां, विजय निषाद, आशीष सिंह, रामजी यादव, विजय श्रीवास्तव, गोलू पासी, विकास रावत, रितेश हेला, जितेंद्र मिश्रा, अनुज श्रीवास्तव, वैभव मिश्रा आदि शामिल थे।
चौक घंटाघर पर नवनिर्मित दो यूरिनल का मंगलवार को महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने उद्घाटन किया। इस मौके पर नगर आयुक्त देवेंद्र कुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारी, स्थानीय व्यापारी भी मौजूद थे। यूरिनल शुरू होने से यहां के व्यापारियों और खरीदारी करने आने वालों को आराम होगा। उधर, स्थानीय लोगों और महिलाओं ने यूरिनल के उद्घाटन का विरोध किया है।
नाराज लोगों ने भारत शक्ति संगठन के नेतृत्व में उद्घाटन स्थल पर महापौर का घेराव भी किया। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष कालिका प्रसाद पाल ने कहा कि स्वच्छता अभियान के आंदोलन की नींव रखने वाले समाजसेवी सुनील चौधरी को उद्घाटन में न आमंत्रित करना निंदनीय है। जिला अपराध निरोधक संगठन की सदस्य अनीता श्रीवास्तव एवं विमला देवी ने कहा कि चौधरी का नाम शिलान्यास पटिका में होना चाहिए था। छुन्नन गुरु स्मारक समिति के संयोजक मुन्ना मजदूर ने भी घंटाघर के फुटपाथ व्यापारियों के साथ महापौर का विरोध किया। इसमें रविंद्र श्रीवास्तव, कुलदीप सिंह खालसा, रिंकू शर्मा, शोभरात वर्मा, राजेंद्र साहू, रतन यादव आदि शामिल थे।