सुरेश ने कहा-कांग्रेस को कुछ लोगों ने गिरवी रख दिया है
कांग्रेस गंगापार के अध्यक्ष सुरेश यादव खुलकर सपा उम्मीदवार तथा पार्टी के खिलाफ आ गए हैं। निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर शुक्रवार को दोबारा नामांकन के लिए पहुंचे सुरेश का कहना था कि हां, है यह बगावत। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कुछ लोगों ने गिरवी रख दिया है लेकिन कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेगा।
सुरेश ने बृहस्पतिवार को ही नामांकन कर दिया था। दो अन्य सेट में नामांकन करने के लिए वह शुक्रवार को फिर कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस बार वह जुलूस के साथ नामांकन करने पहुंचे थे और शक्ति प्रदर्शन कर शीर्ष नेतृत्व को संदेश देने की कोशिश की।
सुरेश का कहना था कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेसवार्ता में खुद फूलपुर सीट कांग्रेस को देने की बात की थी लेकिन पार्टी में कुछ लोग नहीं चाहते कि किसान का बेटा आगे बढ़े। किसान के बेटे को रोकने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी को ही गिरवी रख दिया।
सुरेश का कहना था कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के पास अब भी दो दिन हैं। वे निर्णय लेकर पार्टी उम्मीदवार घोषित करें। अन्यथा, वह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे। सुरेश ने कहा कि अब पीछे हटने का सवाल ही नहीं उठता। सुरेश का यह भी कहना था कि फूलपुर की जनता तथा पूरा संगठन उनके साथ है।