सिविल लाइंस में राहुल गांधी के खिलाफ लगे पोस्टर फाड़ते कांग्रेस के नेता।
- फोटो : अमर उजाला।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रयागराज आने से पहले शहर में उनके खिलाफ जगह-जगह पोस्टर लगा दिए गए। रविवार को सुबह कांग्रेस के नेताओं ने इन पोस्टरों को फाड़ दिया और होर्डिंग को हटवा दिया। सिविल लाइंस इलाके के सुभाष चौराहा, हनुमान मंदिर चौराहा, मेडिकल चौराहे, केपी ग्राउंड, बालसन चौराहा, हाईकोर्ट के आसपास समेत शहर के कई स्थानों पर राहुल गांधी को टारगेट करते हए उनके खिलाफ पोस्टर लगाए गए थे।
कांग्रेस के नेताओं ने सुबह पूरे शहर में भ्रमण करके पोस्टरों को फाड़कर हटवा दिया। कांग्रेस के नेताओं ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर पोस्ट भी साझा किया है और कहा कि राहुल के कार्यक्रम से बौखलाकर भाजपा के लोगों ने राहुल गांधी की छवि धूमिल करने के लिए यह कार्य किया है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्टर फाड़ने का वीडियो साझा किया है। प्रदेश महासचिव मांटी शुक्ला ने सिविल लाइंस इलाके में राहुल गांधी के खिलाफ लगे पोस्टरों को फाड़कर हटवा दिया। कहा कि रात तक पोस्टर नहीं लगे थे भोर में किसी ने पोस्टर लगाए हैं।