इलाहाबाद। कांग्रेस की ओर से जिन मुद्दों को लेकर 17 अगस्त को लखनऊ में विधानसभा का घेराव प्रस्तावित है, उन मुद्दों की फेहरिस्त में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की मनमानी भी शामिल हो गई है। बुधवार को शहर आए कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं इलाहाबाद के प्रभारी अब्दुल मन्नान ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपीपीएससी ने पीसीएस के सफल अभ्यर्थियों का नाम न घोषित कर खुद को कटघरे में खड़ा कर दिया है। आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार एक खास जाति के लिए काम कर रही है और यूपीपीएससी की मनमानी इसा जीता-जागता उदाहरण है।
यह भी कहा कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हो रही है। प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। रेप और लूटपाट की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। नहरों में पानी नहीं है और किसान बर्बाद हो रहे हैं। बिजली के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। वैट के जरिये पेट्रोल-डीजल के दाम भी बढ़ा दिए। इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने विधानसभा घेरने का फैसला किया है। भाजपा के मसले पर बोले कि यूपी में कांग्रेस की लड़ाई मोदी से भी होगी। प्रदेश उपाध्यक्ष ने 17 अगस्त के आंदोलन की तैयारियों को लेकर मंडलीय समीक्षा बैठक भी की।
निर्णय लिया गया कि विधानसभा घेराव में इलाहाबाद सहित फतेहपुर, कौशाम्बी और प्रतापगढ़ से हजारों कार्यकर्ता बसों, ट्रेनों से 17 को लखनऊ पहुंचेंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष अनिल द्विवेदी, शहर अध्यक्ष उपेंद्र सिंह, पार्टी नेता रामयज्ञ द्विवेदी, चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह, अवधेश त्रिपाठी, जावेद उर्फी, मुकुंद तिवारी, अभिषेक शुक्ला, बाबा तिवारी, मोहम्मद सरताज, रघुनाथ द्विवेदी, परवेज सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।