प्रयागराज, 6 छह। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक कॉलेजों में सयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा के तहत आरक्षण का लेकर पेच फंस गया है। इविवि और कॉलेज प्रवेश के लिए अलग-अलग आरक्षण दें या दोनों को जोड़कर एक साथ आरक्षण व्यवस्था लागू की जाए, इस पर उहापोह की स्थिति है और इसी मुद्दे पर मंथन के लिए सोमवार को कार्यवाहक कुलपति प्रो. केएस मिश्र की अध्यक्षता में विभागाध्यक्षों की बैठक बुलाई गई।
बैठक के दौरान यह बात सामने आई कि कुछ विभागों ने इविवि और कॉलेजों को जोड़कर आरक्षण दे दिया है और कुछ विभागों ने अलग-अलग आरक्षण दिया है। सूत्रों के मुताबिक दोनों मामलों में विभागाध्यक्षों की ओर से अपने-अपने तर्क दिए गए। किसी ने कहा कि एक साथ आरक्षण दिए जाने से संतुलन बिगड़ सकता है तो किसी ने बताया कि ऑर्डिनेंस में एक साथ आरक्षण दिए जाने का प्रावधान है। सूत्रों का कहना है कि बैठक के दौरान इविवि और कॉलेजों को जोड़कर आरक्षण दिए जाने पर सहमति बनी है। हालांकि इस बारे में इविवि प्रशासन की ओर से आधिकारिक रूप से बोलने को कोई तैयार नहीं है।