Complaint of rigging in urdu guest faculty recruitment
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के पूर्व कुलपति प्रो. रतन लाल हांगलू के कार्यकाल में असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती में धांधली के आरोप लगे थे। अब प्रो. हांगलू के कार्यकाल में गेस्ट फैकल्टी भर्ती में भी धांधली के आरोप लगाए गए हैं। एक अभ्यर्थी ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय को इस बारे में शिकायत भेजी है। मंत्रालय की जांच टीम 24 फरवरी को इविवि दोबारा आ सकती है।
गौस नगर करेली के सगीरुल मेहंदी ने जांच टीम के चेयरमैन प्रो. नागेश्वर को भेजी शिकायत में कहा है कि इविवि के उर्दू विभाग में चार अगस्त 2019 को गेस्ट फैकल्टी के चयन में रिसर्च पेपर वर्ग, अध्यापन अनुभव वर्ग और अवार्ड कैटेगरी में कोई अंक नहीं दिया गया। इन श्रेणियों में शून्य दर्शाया गया है। जबकि, उनका रिसर्च पेपर प्रकाशित हुआ था, उनके पास अध्यापन का अनुभव भी है और उर्दू अकादमी से उन्हें अवार्ड भी मिल चुका है। सगीरुल ने इंटरव्यू के दौरान इन तीनों श्रेणियों से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत किए थे।
उन्हें न्यूनतम अंक भी प्रदान नहीं किए गए। सगीरुल ने मामले में जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। प्रो. हांगलू के कार्यकाल में हुई गड़बड़ियों से संबंधित ऐसी ही तमाम शिकायतें मंत्रालय की जांच टीम के चेयरमैन को भेजी गई हैं। सूत्रों के मुताबिक कुलपति दफ्तर में जो भी शिकायतें रिसीव कराई गई है, उनकी सूची चेयरमैन को भेज दी गई है। जांच टीम 24 फरवरी को यहां दोबारा आ सकती है और कुछ शिकायत कर्ताओं से मुलाकात भी कर सकती है।