सरायइनायत थाना क्षेत्र के कतवारुपुर गांव के सामने बृहस्पतिवार की दोपहर ट्रक ने अप्पे में टक्कर मार दी। हादसे में अप्पे सवार एक प्रतियोगी छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद पुलिस ने चालक को ट्रक समेत हिरासत में लिया है।
थाना क्षेत्र के कतवारूपुर गेट के पास स्थित धर्मकांटा की ओर एक ट्रक जा रहा था। तभी झूंसी से हंडिया कि ओर जा रहा सवारियों से भरा अप्पे ट्रक से टकरा गया। हादसे में अप्पे में सवार शिवानी यादव (20) पुत्री सुरेंद्र यादव निवासी साहीपुर, हंडिया गंभीर घायल हो गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाॅक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया। शिवानी शहर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। वह अप्पे पर सवार होकर अपने घर जा रही थी। संवाद