कैंट थाना क्षेत्र के गंगानगर गली नंबर नौ स्थित किराये के मकान में प्रतियोगी छात्र शुभम यादव (28) का संदिग्ध हालात में शव मिला। कमरे में मच्छर भगाने वाली क्वाइल के धुएं से दम घुटने से मौत की आशंका है।
कैंट थाना क्षेत्र के गंगानगर गली नंबर नौ स्थित किराये के मकान में प्रतियोगी छात्र शुभम यादव (28) का संदिग्ध हालात में शव मिला। कमरे में मच्छर भगाने वाली क्वाइल के धुएं से दम घुटने से मौत की आशंका है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण का पता चल सकेगा। कैंट थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विज्ञापन
मूलरूप से जौनपुर के थाना लाइन बाजार क्षेत्र स्थित हरका हुसैनाबाद निवासी शुभम यादव पिछले कई महीने से गंगानगर गली नंबर नौ स्थित एक मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करता था। शनिवार की शाम वह अपने कमरे से बाहर नहीं आया तो पड़ोस में रहने वाले अन्य छात्रों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई।
शोर-शराबे के बाद आसपास के लोग एकत्र हुए और मामले की जानकारी मकान मालिक और पुलिस को दी गई। दरवाजा तोड़ा गया तो कमरे में शुभम बेसुध पड़ा था। कमरे में मच्छर भगाने वाली क्वाइल का धुआं भरा हुआ था। कैंट थाना प्रभारी सुनील कनौजिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है। परिजनों के आने के बाद रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।