प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा युवक तेरहवीं संस्कार से लौटने के बाद घर में सोया था, लेकिन भोर में उठकर बाहर निकला और कुछ ही देर बाद उसकी लाश अटरामपुर रेलवे स्टेशन आउटर के पास मिली। घटना से घर में कोहराम मच गया। शव को जीआरपी ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के शिवलाल का परा मलाक बलऊ गांव निवासी रंजीत सिंह पटेल (23) पुत्र संजय कुमार प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करता था। बताया जा रहा है कि वह शुक्रवार को गांव में तेरहवीं संस्कार में शामिल होकर घर लौटा और सो गया।
परिजनों के अनुसार, भोर में करीब चार बजे वह उठकर घर से बाहर चला गया। परिवार वालों ने सोचा कि वह रोज की तरह कोचिंग के लिए गया होगा। सुबह करीब छह बजे सूचना मिली कि अटरामपुर आउटर के पास झोखरी गांव के सामने एक युवक का शव पड़ा है।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान की। गेटमैन के अनुसार भोर में 5ः05 बजे गुजरी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। रंजीत तीन भाई, दो बहनों में दूसरे नंबर का था। पिता संजय कुमार पहले कोल्डस्टोर में मुंशी थे, अब खेती-किसानी करते हैं। सूचना पर फाफामऊ जीआरपी मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।