शृंग्वेरपुर धाम में निषादराज जयंती मेंं अव्यवस्थाओं को लेकर निषाद पार्टी के गुस्साए कार्यकर्ताओं ने कानपुर वाराणसी नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे हाईवे पर यात्रा कर रहे लोगों को करीब दो घंटे तक जद्दोजहद करनी पड़ी।
इस बीच हाईवे पर करीब तीन किलोमीटर तक जाम लग गया। इससे काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल रहा।
बताते चलें कि नवरात्र की पंचमी को श्रृंग्वेरपुर धाम में पिछले कई वर्षों से निषादराज जयंती समारोह का आयोजन होता चला आ रहा है। इस बार भी सोमवार को तय समय पर आयोजन रखा गया। किंतु साफ सफाई, पेयजल समेत अनेक समस्याओं को लेकर निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते करीब दोपहर में कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद अपने समर्थकों के साथ कानपुर वाराणसी नेशनल हाईवे पहुंचकर सड़क पर बैठ गए। भारी भीड़ के बीच हाईवे पूरी तरह से जाम हो गया।
कुछ राहगीरों ने अपने वाहन हाईवे की सर्विस रोड से लेकर जाने लगे तो वहां भी निषाद पार्टी के लोग पहुंचकर रास्ता पूरी तरह से अवरुद्ध कर दिया। इससे हाईवे पर दोनों तरफ लंबी कतारें लग गयी। करीब एक घंटे बाद प्रशासन और पुलिस ने कैबिनेट मंत्री से वार्ता कर आश्वसान दिया कि समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा। तब जाकर जाम से राहत मिली।