नीट में सफल अभ्यर्थियों का एमबीबीएस में प्रवेश बृहस्पतिवार को शुरू हो गया। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थी फीस के लिए 36000 रुपये जमा कराने पर भड़क गए। छात्रों का कहना था कि काउंसिलिंग के समय 20000 रुपये जमा कराए गए थे। ऐसे में सिर्फ 16000 रुपये ही जमा कराने चाहिए। हंगामे के कारण कुछ देर के लिए प्रवेश प्रक्रिया भी बाधित हुई। सूचना पर वहां पहुंचे प्राचार्य के समझाने पर अभ्यर्थी शांत हुए। पहले दिन 79 छात्रों ने एमबीबीएस में दाखिला लिया।
मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉेलेज के प्रीतमदास प्रेक्षागृह में बृहस्पतिवार को एमबीबीएस में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हुई। प्रवेश लेने पहुंचे हर छात्र से 36000 रुपये फीस जमा कराई जा रही थी। इस दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने इस पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि काउंसिलिंग के समय ही उनसे ऑनलाइन 20000जमा कराए गए थे। उनका कहना था कि 16000 रुपये ही जमा कराने चाहिए। इस बात पर छात्रों का प्रवेश प्रक्रिया में लगे लोगों से विवाद होने लगा। कुछ लोग हंगामा करने लगे। सूचना पर मेडिकल कॉलेज के कुछ शिक्षक वहां पहुंचे तो छात्रों ने उन्हें घेर लिया और अपनी परेशानी बताई।
थोड़ी देर में ही वहां प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह कई शिक्षकों के साथ पहुंचे। उन्होंने छात्रों को समझाया कि काउंसिलिंग के समय ऑनललाइन जमा किए गए 20000 रुपये चिकित्सा शिक्षा महानिदेशक के खाते में हैं। वह धनराशि कॉलेज को नहीं मिली है। फिलहाल नियमों के तहत प्रवेश के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी को 36 हजार रुपये ही जमा कराने होंगे। प्राचार्य ने परेशान अभ्यर्थियों को बताया कि महानिदेशक से इस संबंध में वार्ता हो चुकी है। उन्होंने कहा है कि काउंसिलिंग के समय ऑनलाइन जमा किए गए 20000 रुपये उनके खाते में ट्रांसफर कर दिए जाएंगे।
प्रभारी डॉ. देवाशीष के मुताबिक प्रवेश प्रक्रिया के पहले दिन स्टेट कोटे से 73 और ऑल इंडिया कोटे से 6 अभ्यर्थियों को दाखिला मिला। उन्होंने बताया कि यहां स्टेट कोटे में 125 व ऑल इंडिया कोटे में 25 एमबीबीएस की सीटें हैं। पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया 22 जुलाई तक चलेगी।