मंसूराबाद- सहकारी समिति खागलपुर का निरीक्षण करने पहुंचे प्रमुख सचिव सहकारिता अजय शुक्ल।
- फोटो : अमित कुमार कुलश्रेष्ठ
प्रदेश के प्रमुख सचिव सहकारिता अजय शुक्ल ने शुक्रवार को साधन सहकारी समिति खागलपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने समिति के कार्यों, उर्वरक भंडारण व्यवस्था, वितरण प्रणाली तथा अभिलेखों का अवलोकन किया।
उन्होंने समिति पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसानों की वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप ही उर्वरकों की मांग भेजी जाए ताकि समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जा सके और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोदाम में उपलब्ध उर्वरकों के स्टॉक की जानकारी ली और अभिलेखों का मिलान किया।
साथ ही डिजिटल प्रणाली के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने समिति के कर्मचारियों को निर्देश दिया कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान डीजीएम हरेंद्र वीर सिंह, जिला सहायक निबंधक सहकारी समितियां विवेक यादव, एडीसीओ हरि नारायण सिंह, एडीओ कोऑपरेटिव धीरज यादव, डीसीबी शाखा प्रबंधक बाबूलाल मौर्य आदि उपस्थित रहे।