आयोग की नई वेबसाइट पर अधियाचन फाइनल होते ही 15 दिन पहले विज्ञापन जारी होने की जानकारी दे दी जाएगी। साथ ही अभ्यर्थियों को यह भी मालूम रहेेगा कि कौन सी परीक्षाएं चल रही हैं और कौन सी पूरी हो चुकी हैं। वेबसाइट पर सभी भर्तियों की प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षाओं के प्रश्नपत्र भी उपलब्ध रहेंगे। अभ्यर्थी सीधे आयोग की वेबसाइट पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। एक निश्चित समय सीमा के भीतर अभ्यर्थियों की शिकायतों का निराकरण होगा। शिकायतों से संबंधित रिपोर्ट प्रतिदिन सचिव के पास जाएगी। निस्तारण की सूचना संबंधित अभ्यर्थी को एसएमएस के माध्यम से या ईमेल पर भेज दी जाएगी।
आयोग के सचिव आलोक कुमार ने बताया कि वेबसाइट पर भर्ती से संबंधित सभी अद्यतन सूचनाओं का समावेश करने का प्रयास किया गया है। आयोग की पुरानी वेबसाइट पर अभी कई भर्तियों के विज्ञापन ओपन हैं, आवेदन चल रहे हैं और प्रवेश पत्र जारी होने वाले हैं। आयोग की नई वेबसाइट का पुरानी वेबसाइट से एकीकरण किए जाने का कार्य हो रहा है। 16 जनवरी तक नई वेबसाइट शुरू की जा सकती है।
वेबसाइट पर 1987 से अब तक के टॉपर्स की लिस्ट
वर्ष 1987 से लेकर अब तक पीसीएस भर्ती के लिए जितनी परीक्षाएं आयोजित की गईं हैं, उन सभी भर्ती परीक्षाओं के टॉपर्स की लिस्ट आयोग की नई वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। इनमें टॉपर के साथ मेरिट में दूसरे एवं तीसरे स्थान पर चयनित अभ्यर्थियों के नाम भी शामिल किए गए हैं।
कमीशन का पूरा इतिहास रहेगा उपलब्ध
नई वेबसाइट पर यूपीपीएससी का पूरा इतिहास उपलब्ध रहेगा। आयोग की स्थापना कब और किसने की, इस जानकारी के साथ ही आयोग के अब तक जितने अध्यक्ष रहे हैं, उनका विवरण भी वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा।