उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने वैज्ञानिक अधिकारी (विधि विज्ञान, प्रयोगशाला उत्तर प्रदेश) के 41 पदाें पर भर्ती के लिए स्क्रीनिंग परीक्षा का परिणाम तो घोषित कर दिया लेकिन पूर्व में अभ्यर्थियों की ओर से आयोग कार्यालय में उपलब्ध कराए गए आवेदनों को अस्वीकृत कर दिया है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने वैज्ञानिक अधिकारी (विधि विज्ञान, प्रयोगशाला उत्तर प्रदेश) के 41 पदाें पर भर्ती के लिए स्क्रीनिंग परीक्षा का परिणाम तो घोषित कर दिया लेकिन पूर्व में अभ्यर्थियों की ओर से आयोग कार्यालय में उपलब्ध कराए गए आवेदनों को अस्वीकृत कर दिया है। अधिकांश अभ्यर्थियों ने आयोग कार्यालय में अपूर्ण आवेदन पत्र उपलब्ध कराए थे। आयोग ने अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन करने का अंतिम अवसर दिया है। अभ्यर्थियों को समस्त अभिलेखों सहित आवेदन पत्र 17 सितंबर तक आयोग कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
आयोग के उप सचिव डीपी पाल के अनुसार वैज्ञानिक अधिकारी के पांच डोमनों जीव विज्ञान क्षेत्र/प्रक्षेत्र, कंप्यूटर फाॅरेंसिक, भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र व आचार विज्ञान क्षेत्र/प्रक्षेत्र के 41 पदों पर भर्ती के लिए 14 जून 2023 को विज्ञापन जारी किया गया था और स्क्रीनिंग परीक्षा 18 मई 2025 को हुई थी। स्क्रीनिंग परीक्षा के प्राप्तांकों के आधार पर श्रेणीवार पदों के सापेक्ष आठ गुना मेरिट (श्रेष्ठता) के तहत आने वाले और आयोग द्वारा नियत न्यूनतम दक्षता प्राप्तांक (सामान्य-ओबीसी के लिए 40 फीसदी, एससी-एसटी के लिए 35 फीसदी) धारित करने वाले अभ्यर्थियों में से अधिकांश ने पूर्व में अपूर्ण आवेदन पत्र आयोग में उपलब्ध कराए थे। इस कारण आयोग ने समस्त आवेदन पत्र अस्वीकृत कर दिए हैं।
अभ्यर्थियों को अब आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा। यह प्रक्रिया 27 अगस्त से शुरू होगी। अभ्यर्थियों को 10 सितंबर तक सही-सही और सावधानीपूर्वक आवेदन पत्र भरने की प्रक्रिया पूरी कर लेनी है। ऑनलाइन भरे गए फॉर्म सेट को मुद्रित करके उसके साथ संलग्नकों को लगाकर आवेदन की हार्डकॉपी पंजीकृत डाक या व्यक्तिगत रूप से आयोग के गेट नंबर-तीन पर स्थित डाक अनुभाग के काउंटर पर 17 सितंबर शाम पांच बजे तक उपलब्ध करानी है।
विज्ञापन
उप सचिव के अनुसार ऐसे अभ्यर्थी जो एक से अधिक डोमनों में न्यूनतम दक्षता प्राप्तांक धारित करते हैं, वे प्रत्येक डोमेन की अनिवार्य अर्हता एवं अधिमानी अर्हता के आधार पर संगत समस्त अभिलेखों सहित अलग-अलग आवेदन पत्र अलग-अलग लिफाफों में रखकर उपलब्ध कराएंगे। एक ही लिफाफे में एक से अधिक आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
परीक्षा के लिए आए थे 4695 आवेदन
वैज्ञानिक अधिकारी स्क्रीनिंग परीक्षा के लिए 4,695 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए जिनमें से 40 फीसदी परीक्षा में शामिल हुए थे। परीक्षा लखनऊ के 10 केंद्रों पर हुई थी। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का अब इंटरव्यू होगा और इसके बाद अंतिम चयन परिणाम जारी किया जाएगा। स्क्रीनिंग परीक्षा के प्राप्तांकों की सूचना अंतिम परिणाम घोषित होने के उपरांत दी जाएगी।