वाणिज्य कर की एसआईबी टीम ने पकड़ी लाखों की कर चोरी
सोरांव के शिवगढ़ में एक लोहे की फर्म में 75 टन सरिया किया सीज
प्रयागराज। वाणिज्यकर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) की टीम ने शुक्रवार को एक लोहे की फर्म में लाखों रुपये के टैक्स की चोरी पकड़ी। यहां संबंधित फर्म के टर्नओवर से जुड़े दस्तावेज खंगाले गए। इस दौरान फर्म में सरिया आदि की बिक्री से जुड़े कई दस्तावेज जब्त कर लिए। वहां 75 टन सरिया भी सीज किया गया। जांच में करीब एक करोड़ रुपये का अघोषित टर्न ओवर पाया गया। ऐसे में यहां 11.50 लाख या उससे ज्यादा के जुर्माने का अनुमान विभागीय अफसरों ने लगाया है।
सोरांव के शिवगढ़ स्थित लोहे की फर्म में डिप्टी कमिश्नर मुकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान वहां अफरा तफरी मच गई। वहां फर्म संचालक एवं स्टाफ से पूछताछ के साथ ही दस्तावेजों को खंगाला गया। बैंक खातों की भी जांच की गई। काफी दस्तावेज छानबीन के दौरान जब्त भी किए गए। इस दौरान 75 टन सरिया सीज कर लिया गया। जांच में शामिल अफसरों ने बताया कि वहां एक करोड़ रुपये का अघोषित टर्न ओवर पाया गया। इसका वहां मौजूद दस्तावेज में भी कोई उल्लेख नहीं थे। ऐसे में संबंधित फर्म संचालक पर 11.50 लाख या उससे अधिक का जुर्माना लगाया जा सकता है। जुर्माने का सही आंकड़ा जब्त दस्तावेजों की गहन छानबीन के बाद ही निकलेगा। कार्रवाई के दौरान डीसी हेमंत गौतम, दीपक सिंह, डीके सिंह, जितेंद्र सिंह, डा. अवध, अजय कुमार आदि मौजूद रहे।