आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की मेजबानी में 14 फरवरी से शुरू हो रहे क्रिकेट के विश्व कप का रंग लोगों पर ही नहीं बल्कि डाक टिकटों पर भी चढ़ गया है। न्यूजीलैंड ने विश्व कप को देखते हुए डाक टिकटों की विशेष शृंखला जारी की है, जिसे भारत में भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इलाहाबाद के प्रधान डाकघर और वाराणसी के विशेश्वरगंज डाकघर के फिलेटलिक ब्यूरों में इसे प्राप्त किया जा सकता है।
डाकविभाग के निदेशक कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि 14 टीम, एक चैंपियन थीम पर जारी विशेष डाक टिकट शीट पर विश्व कप का ‘लोगो’ एवं विश्व कप क्रिकेट में भाग लेने वाले देशों को गेंदाकार रूप में रंगीन डाक टिकट पर प्रदर्शित किया गया है। डाक विभाग की ओर से पहली बार गेंद की आकार का टिकट जारी किया गया है।
निदेशक ने बताया कि भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के मद्देनजर इस पर भारत की ओर से 1983 और 2011 में जीते गए विश्व कप का भी उल्लेख है। डाक टिकटों की विशेष शीट 400 रुपये में बिक्री के लिए उपलब्ध है। पांच शीटों के पैक पर 20 फीसदी की छूट दी जा रही है। आवश्यकतानुसार इनकी बिक्री अन्य डाकघरों से भी कराई जाएगी। ई-पोस्ट ऑफिस और स्नेपडील के माध्यम से भी इसे उपलब्ध कराया जाएगा।