कर्नलगंज में बैंक रोड पर घटना, चार नामजद
प्रयागराज। कर्नलगंज में बैंक रोड पर मारपीट करने से रोकने पर उपद्रवी युवकों ने दरोगा से गालीगलौज की। साथ ही उसे सरेआम धमकी भी दी। मामले में दरोगा ने तहरीर देकर कर्नलगंज थाने में चार पर नामजद व 10-15 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घटना रात 10 बजे के करीब की है। लल्ला चुंगी चौराहे पर करीब दो दर्जन लोग घेरकर एक युवक को पीट रहे थे। किसी ने सूचना दी तो डायल 100 पुलिसकर्मी पहुंचे। उन्होंने युवक को बचाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। इसके बाद उनकी सूचना पर विवि चौकी प्रभारी अशोक कुमार मय हमराह मौके पर पहुंचे। उन्होंने मारपीट कर रहे युवकों को रोकने की कोशिश की तो वह और उग्र हो गए। साथ ही दरोगा व सिपाहियों से उलझ गए।
कहासुनी करते हुए गालीगलौज शुरू कर दी और धमकी देते हुए चले गए। इसके बाद भुक्तभोगी दरोगा ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। जिसमें आरोप लगाया कि मारपीट करने वाले युवक ताराचंद हॉस्टल के हैं। जिनमें कृष्णा राम शुक्ला, शनि कुमार गौतम, आकाश कुमार पासवान व आदित्य राम के अलावा उनके 10-15 अज्ञात साथी थे। कर्नलगंज पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकाने, सरकारी काम में बाधा डालने समेत अन्य आरोपों में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच पड़ताल की जा रही है।