कुंभ आयोजन से पहले आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को 240 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें स्थाई और अस्थाई निर्माण वाली 81 योजनाएं शामिल हैं। मेला क्षेत्र के गंगा पांडाल में आयोजित समारोह में उन्होंने स्वच्छाग्रहियों को सम्मानित भी किया तथा स्वच्छता की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री ने संस्कृति विभाग की वेबसाइट का लोकार्पण किया। इसके बाद कुंभ पर बनी लघु फिल्म देखी। उन्होंने काफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखाओं तथा एटीएम का उद्घाटन किया। बैंक की ओर से ग्राहक सेवा केंद्र खोलने के अलावा सिक्का वेंडिंग मशीन, कंबल वितरण, कलश में गंगा जल वितरण, वस्त्र बदलने के लिए टेंटेज की व्यवस्था, हैंडबैग का वितरण आदि की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र में स्थापित कंप्यूटरीकृत खोया-पाया केंद्र का भी फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने केंद्र का निरीक्षण किया तथा मेलाधिकारी विजय किरन आंनद से पूरी जानकारी ली। उन्हाेंने वर्चुअल रियल्टी कियोस्क का उद्घाटन किया। कियोस्क में पूरे मेला क्षेत्र को देखा जा सकता है। मुख्यमंत्री कई अन्य योजनाओं की शुरुआत की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत अनेक मंत्री, अफसर मौजूद रहे।