कौंधियारा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके तिवारी ने शनिवार को सीएचसी कौंधियारा का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी देखकर उन्होंने फटकार लगाते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों को आगाह किया। सीएमओ ने कहा कि अस्पतालों में गंदगी और अनियमितता कतई बर्दाश्त नहीं होगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवा स्टोर और डिलीवरी प्वाइंट की गहन जांच की। स्वास्थ्य कर्मियों को चेताया कि यदि बाहर की दवा लिखने की शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने बताया कि कौंधियारा सीएचसी में एक्सरे मशीन सही कराने और अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। जल्द ही मशीन को चालू कर दिया जाएगा।