750 करोड़ की 200 से अधिक परियोजनाओं का सीएम करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 30 जून को लूकरगंज में अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर बने आवासों की चाबी सौंपने के साथ ही अटल आवासीय विद्यालय समेत करीब 750 करोड़ रुपये की 200 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। वह सभा को भी संबोधित करेंगे।
हालांकि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम अभी नहीं आया है। ऐसे में कार्यक्रम में बदलाव की भी बात कही जा रही है। लूकरगंज में प्रस्तावित करीब एक घंटे के कार्यक्रम के दौरान कई परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। देर शाम तक ऐसी परियोजनाओं की सूची तैयार की जाती रही। आखिरी समय तक इसमें फेरबदल की बात कही जा रही है।
महाकुंभ के कार्यों का बाद में होगा शिलान्यास
मुख्यमंत्री के 30 जून को संभावित कार्यक्रम को देखते हुए शिलान्यास एवं लोकार्पण के लिए तैयार की जा रही परियोजनाओं की सूची में महाकुंभ के मद्देनजर होने वाले निर्माण कार्य शामिल नहीं हैं। बताया जा रहा है कि इन कार्यों का शिलान्यास मुख्यमंत्री के हाथों ही होगा लेकिन 30 जून के कार्यक्रम से इन्हें बाहर रखा गया है। ऐसे में जल्द ही मुख्यमंत्री के दोबारा आने की उम्मीद है। ब्यूरो