सीएम योगी ने बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रयागराज में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 125 करोड़ रुपये के बजट से बनाई जाने वाली सड़कों का शिलान्यास किया। डीएम कार्यालय में स्थित एनआईसी रूम में उनके कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। योजना के तहत 114.200 किलोमीटर की सड़कें बनाई जाएंगी। इसमें फूलपुर संसदीय क्षेत्र में पांच और इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र में 12 सड़कें बनाई जाएंगी। इस दौरान उन्होंने दो सड़कों का लोकार्पण भी किया।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत जिले में इस बार कुल 31 सड़कों के निर्माण की स्वीकृति केंद्र सरकार की ओर से मई में दी गई है। सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर भी जारी कर दिया गया है। उसमें से सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को 17 सड़कों का शिलान्यास किया। इसमें इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत जसरा ब्लॉक में जसरा से चिल्ला, मुंदराखुर्द से रेरा बारा रोड, चाका ब्लॉक में रीवा रोड से उभारी, करछना ब्लॉक में खांई से भुंडा, कौआ (अकोढ़ा डिस्ट्रीब्यूटरी कैनाल) से कुजल बैस का पुरा, पचदेवरा से डीहा, बरदहा प्राइमरी स्कूल से खजुरी रोड गोसाई का पुरा, करछना कोहड़ार घाट मार्ग (हनुमानपुर) भगनुपर रोड, मेजा ब्लॉक में सुभाष से सुरैचार लिंक रोड, उरूवा ब्लॉक में रामनगर से परानीपुर मार्ग, चुप्पेपुर से सतनपट्टी, मांडा ब्लॉक में जेएएम रोड से धरावनारा रामपुर सिरिया शामिल हैं।
जबकि, फूलपुर संसदीय क्षेत्र में सोरांव ब्लॉक में यूएफए रोड से सरायलाल खालूल, सेवइत इस्माइलगंज रोड से कुरगांव बिगहिया होते हुए लहटी एसपीएच रोड तक, होलागढ़ ब्लॉक में नेवादा से न्यायीपुर, बहादुरपुर में चमनगंज से चकिया मार्ग बनाया जाना है। इन मार्गों की चौड़ाई साढ़े तीन मीटर होगी। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान विधायक नीलम करवरिया, राजमणि कोल, विक्रमाजीत मौर्य, सीडीओ शिपू गिरी आदि मौजूद रहे।
करछना और शंकरगढ़ की एक-एक सड़क का किया लोकार्पण
सीएम योगी आदित्यनाथ ने करछना और शंकरगढ़ ब्लॉक की दो सड़कों का लोकार्पण किया। इसमें करछना ब्लॉक में छह लाख रुपये के बजट से बनाई गई भिटार माइनर से भटौली तक पक्की सड़क (कुल लंबाई 0.675) और 14 लाख रुपये के बजट से शंकरगढ़ ब्लॉक में बनाई गई रीवा रोड से दूलम का पुरा तक (1.4 किलोमीटर) शामिल है।