मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को प्रयागराज आएंगे। इस दौरान वह विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। सीएम बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश और हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में केपी मैदान में अधिवक्ता समागम को संबोधित करेंगे। इसके बाद हिंदुस्तानी एकेडमी में आयोजित सम्मान समारोह मं हिस्सा लेंगे।
सीएम संगम स्थित बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन आरती करने के साथ ही बाघंबरी गद्दी मठ में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के पदाधिकारियों से मुलाकात भी करेंगे। वह सर्किट हाउस में माघ मेला की तैयारी समेत अन्य योजनाओं के साथ ही मिशन माफिया की प्रगति की समीक्षा भी कर सकते हैं।
सीएम का अधिकारिक प्रोटोकॉल देर रात तक जारी नहीं हो सका, लेकिन उनकेदौरे को लेकर अफसरों की भागदौड़ जारी रही। अब तक की तैयारियों के मुताबिक सीएम दिन के 11 बजे अधिवक्ता समागम में शामिल होंगे। करीब घंटे भर यहां रुकने के बाद वह दिन के 12 बजे हिंदुस्तानी एकेडमी पहुंचेंगे। वहां एकेडमी की ओर से घोषित गुरु गोरक्षनाथ, संत तुलसी समेत आठ विभिूतियों के नाम से दिए जाने वाले सम्मान का वितरण करेंगे। सीएम के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने सर्किट हाउस, केपी ग्राउंड, हिंदुस्तानी एकेडमी के अलावा बाघंबरी गद्दीमठ और संगम स्थित बड़े हनुमान मंदिर का मुआयना कर सीएम के आगमन को देखते हुए चाक-चौबंद इंतजामों की तैयारी शुरू कर दी। सीएम के इस आगमन के दौरान उनके साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, विधि मंत्री बृजेश पाठक, नागरिक उड्डयन मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी और जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह के भी मौजूद रहने की उम्मीद है।