इलाहाबाद। यह गम में डूबे माता-पिता की मार्मिक फरियाद है। उन्होंने लिखित प्रार्थनापत्र के साथ ही ट्विटर पर भी मुख्यमंत्री और डीजीपी से दुखड़ा रोया है। सरायममरेज के अमर बहादुर यादव ने ट्विटर पर सीएम से गुहार लगाई है कि उनके होनहार पुत्र राहुल यादव उर्फ संजू को मारकर कातिलों ने उसकी किडनी निकाल ली, मगर पुलिस ने इस पर तवज्जो नहीं दी है। ऐसे में दुखी माता-पिता ने सीआईडी से छानबीन कराने का आग्रह किया है।
बरना झारी गांव निवासी किसान अमर बहादुर यादव के तीन बेटों में 23 वर्षीय राहुल यादव उर्फ संजू छोटा था। आईटीआई की पढ़ाई कर रहा राहुल 12 जुलाई की रात घर से फोन पर बात करते हुए निकला था। फिर वह लौटा नहीं। तीन रोज बाद वरूणा नदी किनारे उसका शव उतराया मिला। गुस्साए लोगों ने चक्काजाम किया तो पुलिस ने प्रधान पति महेंद्र यादव, उसी गांव में रहने वाले सगे भाईयों रणजीत, राजित और मोनू के खिलाफ केस लिखा। आरोप है कि रंजिशन राहुल का कत्ल किया गया। कुछ समय बाद पुलिस ने रणजीत और राजित को गिरफ्तार किया लेकिन राहुल के परिजन संतुष्ट नहीं हैं। पिता अमरबहादुर यादव ने पिछले एक माह के दौरान कई बार सीएम, डीजीपी, यूपी पुलिस, आईजी, डीआईजी के ट्विटर हैंडल पर टैग कर बेटे राहुल की फोटो के साथ शिकायत की है। पिता अमरबहादुर का कहना है कि राहुल को मारकर उसकी दोनों किडनी भी निकाल ली गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी यह लिखा है। मगर पुलिस ने इस एंगल पर जांच नहीं की है। उधर, घटना की जांच करने वाले उपनिरीक्षक राजकुमार शर्मा (अब एसओ नवाबगंज) का कहना है कि किडनी तो गायब थी लेकिन जानबूझकर निकालने की बात तफ्तीश में सामने नहीं आई है। कत्ल दुश्मनी में हुआ था। उधर, परिवार के लोग चाहते हैं कि हत्याकांड की सीबीसीआईडी से जांच कराई जाए।