ब्लॉक क्षेत्र के तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महेवा कला, केडवर और दोहथा में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आयोजित किया गया। इस दौरान दो केंद्रों पर चिकित्सक की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को फार्मासिस्टों से ही दवाएं लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।
महेवा कला पीएचसी में फार्मासिस्ट सतेंद्र सिंह ने करीब 10 मरीजों को दवाएं वितरित कीं। वहीं, दोहथा पीएचसी में फार्मासिस्ट सुधीर कुमार ने 21 मरीजों को दवाएं दी। केवल केडवर पीएचसी में ही डॉ. विजय मरीजों का इलाज कर सके। यहां 13 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
इस दौरान काजल, भगवत, रंजना, सोनी, पवन, प्रियंका सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी भी मौजूद रहे और फार्मासिस्टों के साथ मिलकर मेला सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग किया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजित सिंह ने बताया कि चिकित्सकों की कमी के कारण महेवा कला और दोहथा पीएचसी में डॉक्टर मेले में नहीं पहुंच पाए।