बास्केटबॉल प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागी टीम
आर्मी पब्लिक स्कूल, न्यू कैंट में चल रही तीन दिवसीय एडब्ल्यूईएस बास्केटबॉल राष्ट्रीय प्रतियोगिता (लड़कियों) का फाइनल मुकाबला शनिवार को होगा। यह प्रतियोगिता 8 अक्तूबर को शुरू हुई थी। शुक्रवार को लीग व सेमीफाइनल मैचों के बाद दो टीमों ने फाइनल में जगह बनाई है।
फाइनल मुकाबला आर्मी स्कूल, क्लेमेंट टाउन और आर्मी स्कूल, कंदरोरी पंजाब के बीच खेला जाएगा। शुक्रवार को हुए सेमीफाइनल में कड़े मुकाबले देखने को मिले। पहले सेमीफाइनल में क्लेमेंट टाउन ने खड़की पुणे को 18-16 अंकों से हराया।
यह एक कांटे की टक्कर थी। दूसरे सेमीफाइनल में कंदरोरी पंजाब ने हिसार हरियाणा को 45-27 अंकों के बड़े अंतर से मात दी। इन परिणामों के आधार पर क्लेमेंट टाउन और कंदरोरी पंजाब फाइनल में पहुंचे।
लीग मैचों में रोमांचक भिड़ंत
शुक्रवार को हुए लीग मैचों में भी रोमांचक भिड़ंत हुई। पांचवें लीग मैच में आर्मी पब्लिक स्कूल, क्लेमेंट टाउन ने हिसार हरियाणा को 26-21 अंकों से पराजित किया। छठे मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल, खड़की पुणे ने कोलकाता को 40-21 अंकों से हराया। प्रतियोगिता के दौरान एसओ स्कूल लेफ्टिनेंट कर्नल अर्जुन राव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। विद्यालय की प्राचार्य नीना शंकर ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।