कोरांव के सेमरी बाघराय गांव के पास सोमवार को मुख्य मार्ग पर स्कूल से लौट रहे दसवीं के छात्र के गले पर चाकू से वार किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है।
संस्कार शुक्ला (15) पुत्र विनय शुक्ला निवासी भलुहा कोरांव के गोपाल विद्यालय इंटर कॉलेज में दसवीं का छात्र है। सुबह स्कूल आया था। विद्यालय में चल रही अर्धवार्षिक परीक्षा से छूटने के बाद लगभग दो बजे साइकिल से लौट रहा था। रास्ते में सेमरी गांव के पास मुख्य मार्ग पर कुछ अज्ञात लोगों ने छात्र को रुकवाया और उसे बुरी तरह से पीटने लगे। उन्हीं में से एक युवक ने छात्र के गर्दन पर चाकू से कई वार कर दिया।
हमलावरों ने छात्र के एक हाथ को भी बुरी तरह काट दिया। घटना देख जब ग्रामीण दौड़े तो हमलावरों भाग निकले। तब तक ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों ने खून से लथपथ छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव ले आए और घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सीएचसी पहुंचते ही भारी संख्या में पुलिस के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
सीएचसी के चिकित्सकों ने छात्र की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल एसआरएन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सीएचसी के मेडिकल अफसर डॉक्टर धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि छात्र की गर्दन में कई वार किए गए हैं। हाथ को भी बुरी तरह काट दिया गया है। उसे गंभीर स्थिति में रेफर कर दिया गया है। मौके पर पहुंचे प्रत्यक्षदर्शी जयशंकर सिंह पटेल ने बताया कि हमलावर छात्र के ऊपर लगातार चाकू से वार कर रहे थे। नजदीक पहुंचने पर हमलावर उसे छोड़ कर भाग निकले।
प्रधानाचार्य डॉक्टर साबिर अली का कहना है कि संस्कार अच्छा छात्र है। पढ़ने में तेज है। हर समय कक्षा में प्रथम एवं दूसरे स्थान पर रहता है। स्कूल में किसी से लड़ाई-झगड़ा नहीं था। परीक्षा छूटने के बाद घर लौट रहा था। उसी समय कुछ लोगों ने हमला कर दिया। विद्यालय में किसी भी प्रकार का कोई विवाद नहीं हुआ था।
घायल छात्र संस्कार के बाबा मुन्नीलाल शुक्ला का कहना है कि मेरे नाती से आज तक किसी से कोई विवाद नहीं हुआ। न तो गांव में ही मेरी किसी से रंजिश है। एसीपी मेजा एसपी उपाध्याय का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है। विद्यालय से ही जुड़ा कुछ मामला है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
मुंबई में विवाद की चर्चा
गांव में चर्चा है कि छात्र के पिता विनय शुक्ला का मुंबई में किसी से विवाद चल रहा है। जिसको लेकर परिवार के लोगों को तीन दिन पहले धमकी भी मिली थी। विनय शुक्ला के घरवाले ऑनलाइन शिकायत भी किए थे। पुलिस मामले में जांच करने घर तक आई थी। थाना प्रभारी राकेश कुमार वर्मा का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है। छात्र की तबीयत ठीक होने के बाद बयान लिया जाएगा। इसके बाद ही मामला साफ होगा।