खुल्दाबाद निवासी संजय कुमार सिंह से 50 लाख और बेनीगंज निवासी लक्ष्मी शंकर मिश्रा से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि खुद को अतीक का करीबी बताकर आरोपियों ने जमीन छोड़ने के एवज में रुपये की मांग की है। एयरपोर्ट थाना पुलिस आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को शिकायत में संजय कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने पीपल गांव निवासी भगौती से साल 1993 में 15 हजार में जमीन रजिस्टर्ड इकरारनामा लिखवाकर लिया था। इसके बाद कब्जा भी मौके का करा दिया। उक्त जमीन पर काबिज हैं। इस बीच कई बार रजिस्ट्री बैनामा करने के लिए कहा गया। लेकिन, भगौती ने आश्वासन देते रहे कि भूमि पर कब्जा दे दिया है। बाद में रजिस्ट्री बैनामा भी कर देंगे। इसके बाद भगौती की मृत्यु हो गई।
आरोप है कि उनके बच्चे फैशन सिंह, प्रेम सिंह चंद्रशेखर, सुमित्रा देवी के नाम वारिस बनकर वरासत दर्ज करवा लिया और उक्त भूमि को फर्जी तरीके से बेच दी। पांच नवंबर 2024 को विवादित भूमि पर विपक्षी आए और कब्जा करने का प्रयास करने लगे। मना करने पर 50 लाख की रंगदारी मांगी और पिटाई कर अपहरण किया। वहीं, डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी तो थोड़ी दूर पर गाड़ी के नीचे फेंककर फरार हो गए। इसकी शिकायत पुलिस आयुक्त, डीएम, थाना प्रभारी को देकर सीएम से भी गुहार लगाई।
आरोप है कि उक्त लोग धमकी दे रहे हैं कि कानूनी कार्रवाई हुई तो परिवार सहित जान से मार डालेंगे। जिला अदालत से गुहार लगाने के बाद फैशन सिंह, प्रेम सिंह, सौरभ ओझा, सुमित ओझा व उनके पिता अशोक ओझा के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
मांगी 20 लाख की रंगदारी
बेनीगंज निवासी लक्ष्मी शंकर मिश्रा ने पुलिस को बताया कि पीपल गांव में एक बीघा चार बिस्वा जमीन है। आरोप है कि फैशन सिंह, प्रेम सिंह, सौरभ ओझा, सुमित ओझा और अशोक ओझा 20 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं। वहीं, धमकी दे रहे हैं कि अगर राशि नहीं दोगे तो तुम्हारी जमीन कब्जा कर लेंगे। एयरपोर्ट थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।