प्रकाश कार्य में अनियमितता का आरोप लगा जांच की मांग
वार्ड-89 दारागंज बक्शी खुर्द की पार्षद अनुपमा पांडेय ने आरोप लगाया है कि बक्शी बांध से दशाश्वमेध घाट तक मार्ग प्रकाश कार्य में भारी अनियमितता की गई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पोल लगाने के लिए गड्ढे कम खोदे जा रहे हैं और नए खंभों की ढलाई पहले से ही कमजोर पड़ने लगी है। इससे भविष्य में पोल गिरने और लाइटों के जल्द खराब होने का खतरा है। उन्होंने मामले की जांच कर ठेकेदार और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
वार्ड-98 दाराशाह अजमल (रानी मंडी) की पार्षद मुमताज अंसारी एडवोकेट का कहना है कि रानी मंडी, बैगन टोला, काजीगंज, सेवई मंडी और गणेश का हाता सहित पांच से अधिक सड़कों पर एक माह से शाम होते ही अंधेरा पसर जाता है। शिकायत करने के बावजूद कोई अधिकारी ध्यान नहीं दे रहा। अधिकारियों की ओर से कागजों में व्यवस्था चाक चाैबंद दिखाई जा रही है जबकि धरातल पर अंधेरा पसरा रहता है।
लाइटें नहीं जलने की जानकारी मिलने के बाद उसे तत्काल ठीक कराया जाता है। देखरेख के लिए तीन ग्रुपों को जिम्मेदारी दी गई है। अगर शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाई जाती है तो जांच और कार्रवाई की जाएगी। शहरवासियों की समस्याओं का समाधान कराना निगम की प्राथमिकता है। - अरविंद राय, अपर नगर आयुक्त