नैनी की महेवा नई बस्ती में 12 वर्षीय शरद भारतीय की हत्या गमछे-दुपट्टे जैसी चीज से गला कसकर की गई थी। उसके गले में पड़े निशान से यह खुलासा पोस्टमार्टम के दौरान हुआ है। फिलहाल दूसरे दिन भी हत्यारों और हत्या की वजह का पता नहीं चल सका है। पुलिस पुराने विवाद समेत अन्य बिंदुओं पर जांच में जुटी है।
रविवार को भी पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने में लगी रही। फिलहाल यही पता चला है कि दुकान से मेहंदी लेने के बाद वह अकेले ही घर की ओर गया। हालांकि घर न जाकर वह आगे की ओर जाता दिखा। इसके बाद वह बाग तक कैसे पहुंचा, इसका पता नहीं चल सका।
पुलिस ने आसपास के लोगाें से पूछताछ की लेकिन कोई कुछ बता नहीं सका।
परिजनों से भी फिर पूछताछ की गई। सबसे बड़ी बात यह है कि आमतौर पर बच्चों पर हमले की घटनाओं में परिवार की रंजिश या फिर फिरौती ही वजह होती है। डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव का कहना है कि एक-एक बिंदु पर गहनता से छानबीन की जा रही है। घटना से जुड़े हर पहलू को देखा जा रहा है।