कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की कंबाइंड हायर सेकेंडरी लेवल (सीएचएसएल)- 2018 की टियर-1 परीक्षा एक से आठ जुलाई और आठ से 11 जुलाई के बीच होगी। कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन परीक्षा के लिए देश भर में 31 लाख, जबकि एसएससी मध्य क्षेत्र (यूपी-बिहार) में कुल आठ लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। आयोग की ओर से ऑनलाइन परीक्षा तीन पालियों में 10 से 11 बजे, एक से दो बजे और चार से पांच बजे के बीच कराई जाएगी।
एसएससी मध्य क्षेत्र के निदेशक राहुल सचान ने बताया कि उत्तर प्रदेश के 11 और बिहार के सात शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। एसएससी की ओर से परीक्षार्थियों के बारे में जानकारी वेबसाइट ssc.cr.org पर दी गई है। परीक्षार्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर परीक्षा से सात दिन पहले प्रवेशपत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा केंद्र पर परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पहले तक अवश्य पहुंच जाएं।
कहां कितने केंद्र और अभ्यर्थी
आयोग की ओर से आगरा में 10 केंद्रों पर 64784, अलीगढ़ में एक केंद्र पर 10782, प्रयागराज में 12 केंद्रों पर 67543, बरेली में तीन केंद्रों पर 26614, गोरखपुर में आठ केंद्रों पर 51574, झांसी में दो केंद्रों पर 10569, कानपुर में नौ केंद्रों पर 78149, लखनऊ में 12 केंद्रों पर 108255, मेरठ में चार केंद्रों पर 42998, वाराणसी में 13 केंद्रों पर 77054, मुरादाबाद के दो केंद्रों पर 13454 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। बिहार के आरा के एक केंद्र पर 5750, औरंगाबाद के एक केंद्र पर 5960, भागलपुर के एक केंद्र पर 11506, दरभंगा के एक केंद्र पर 5736, मुजफ्फरपुर के तीन केंद्र पर 26901, पटना के 30 केंद्र पर 220462 और पुरनिया के तीन केंद्रों पर 20794 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इस प्रकार मध्य क्षेत्र के 116 केंद्रों पर कुल 848885 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।