उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस-जे परीक्षा में भ्रष्टाचार को लेकर प्रतियोगी छात्र आशीष पटेल ने सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश और उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने आयोग की ओर से हुई पीसीएस-जे परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने लिखा है कि आयोग की परीक्षा नियंत्रक की गिरफ्तारी के बाद यह बात साफ हो गई है कि पिछले पांच वर्षों से आयोग के प्रश्नपत्रों में गड़बड़ी की गई। कुछ अभ्यर्थियों के रोल नंबर प्रारंभिक परीक्षा व मुख्य परीक्षा में एक क्रम से थे, उनका सफल होना भी भ्रष्टाचार को इंगित करता है। प्रतियोगी छात्र ने इस परीक्षा को निरस्त कर अनियमितता की जांच की मांग की है। प्रतियोगी छात्र-छात्राएं 20 जून को शाम छह बजे इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सामने लल्ला चुंगी से बालसन चौराहे तक शांतिपूर्वक कैंडल मार्च निकालेंगे।