रोमन कैथोलिक के इलाहाबाद धर्मप्रांत की ओर से सेंट जोसेफ कालेज मैदान पर आयोजित तीन दिवसीय क्रिसमस मेले में मंगलवार को भारी भीड़ उमड़ी। बाउंसी, कार रेस, फिश व्हील, चरखी और झूलों के पास बच्चों का तांता लगा रहा। खाने-पीने के स्टाल पर युवाओं का जमावड़ा रहा। इस दौरान मेले में लकी ड्रा भी निकाला गया।
साधना सदन के निदेशक फादर लियो ने कहा, क्रिसमस मानवता का पर्व है। जो हमारे जीवन में आशा का संदेश लेकर आता है। कहा, आधुनिकता की दौड़ में लगी युवा पीढ़ी संबंधों से खाली है। जबकि जहां संबंध है, वहीं संवेदना है, जहां संवेदना है वहीं करुणा है। उन्होंने लोगों को अपना मनोबल बनाए रखने की बात कही। जादू की रोमांचक प्रस्तुति के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने परमेश्वर पुत्र यीशु के जीवन प्रसंगों पर आधारित गीत एवं नृत्य नाटिका की मनोहारी प्रस्तुति की।
बतौर मुख्य अतिथि डीएम सुहास एलवाई ने सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं। अध्यक्षता बिशप रॉफी मंजली और संयोजन फादर रॉल्फी डिसूजा ने किया। फादर रेजीनॉल्ड डीसूजा, सिस्टर शिल्पा वीएस सहित कई स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने मौजूदगी दर्ज कराई। मेले का समापन बुधवार को होगा।