इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली ने नए जजों को दिलाई शपथ।
- फोटो : अमर उजाला।
इलाहाबाद हाईकोर्ट में बृहस्पतिवार को नवनियुक्त पांच न्यायाधीशों ने शपथ ली। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने न्याय कक्ष में समारोह में पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। नवनियुक्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, न्यायमूर्ति अब्दुल शाहिद, न्यायमूर्ति संतोष राय, न्यायमूर्ति तेज प्रताप तिवारी और न्यायमूर्ति जफीर अहमद ने उच्च न्यायिक सेवा संवर्ग से पदोन्नत हुए हैं। विधि एवं न्याय मंत्रालय ने जिला न्यायाधीश के रूप में कार्य कर रहे न्यायाधीश की पदोन्नति की आधिकारिक अधिसूचना जारी की।
इन नियुक्तियों से हाईकोर्ट में लंबित मुकदमों के निपटान में राहत मिलेगी। इलाहाबाद हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 160 है लेकिन मुख्य न्यायाधीश के अलावा 78 न्यायमूर्ति ही कार्य रहे थे। ऐसे में पांच नए न्यायाधीशों के शामिल होने के बाद वर्तमान में न्यायाधीशों की कुल संख्या 83 हो गई है। इस मौके पर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल तिवारी, महासचिव विक्रांत पांडेय, नवनिर्वाचित अध्यक्ष राकेश पांडेय बबुआ व महासचिव अखिलेश शर्मा, अपर महाधिवक्ता अनूप त्रिवेदी, अमित सक्सेना, कार्तिकेय सरन व अपर मुख्य स्थायी अधिवक्ता अभिषेक शुक्ल रहे।