स्लीपिंग पॉड के साथ रहेंगी कई सुविधाएं
प्रयागराज छिवकी, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ आदि रेलवे स्टेशन पर कुल तीन तरह के पॉड बनाए जाएंगे। इसमें फेमिली पॉड, कपल पॉड एवं सिंगल पॉड रहेगा। इन स्टेशनों पर बनाए जाने वाले स्लीपिंग पॉड की दो से 24 घंटे तक की बुकिंग होगी। स्लीपिंग पॉड होटल में फोन चार्जिंग, लॉकर रूम, इंटरनेट, डीलक्स बाथरूम, कैफीटेरिया आदि की भी सुविधा होगी। दरअसल, नाम के अनुरूप स्लीपिंग पॉड एक तरह से यात्रियों के सोने के लिए बेहद छोटे कमरे होते हैं। अमूमन इसका आकार कैप्सूल की तरह होता है। रिटायरिंग रूम की तुलना में इसकी कीमत कम होती है।
नवरात्र में होगा जंक्शन के स्लीपिंग पॉड का उद्घाटन
प्रयागराज जंक्शन पर बनाए जाने वाले स्लीपिंग पॉड का उद्घाटन अगले माह नवरात्र के मौके पर होगा। यहां तीन मंजिला स्लीपिंग पॉड होटल रहेगा। इसका निर्माण पौने दो करोड़ रुपये की लागत से होगा। पुणे की कंपनी को इसे अभी पांच वर्ष के लिए दिया जा रहा है। अगले माह इसके किराये का निर्धारण हो जाएगा। अफसरों का कहना है कि रिटायरिंग रूम के मुकाबले इसका किराया कम होगा।
प्रयागराज जंक्शन पर स्लीपिंग पॉड की सुविधा अगले माह उपलब्ध होगी। इसके बाद मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी इसे खोले जाने की प्रक्रिया की जाएगी। - हिमांशु शुक्ला, सीनियर डीसीएम, प्रयागराज मंडल