रथयात्रा महोत्सव के तहत रविवार को शहर के विभिन्न जगन्नाथ मंदिरों में भगवान जगन्नाथ को 56 प्रकार के व्यंजनों का महाभोग अर्पित किया गया। विशेष शृंगार, महाआरती और महाप्रसाद वितरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
काशीराज नगर कटघर स्थित प्रयागेश्वर जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ का तिरुपति बालाजी स्वरूप में विशेष शृंगार किया गया। श्री जगन्नाथ जी महोत्सव समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद गुप्ता ने विधि-विधान से पूजन कर छप्पन भोग अर्पित किया। महाआरती में मंत्री गगन दास गुप्ता, उपाध्यक्ष दाऊ दयाल गुप्ता, अमर रस्तोगी, राजेश केसरवानी, कन्हैया लाल गुप्ता और त्रिलोकी केसरवानी आदि रहे। इस दौरान उत्तर मध्य सांस्कृतिक केंद्र के कलाकारों को सम्मानित भी किया गया।
वहीं, मुट्ठीगंज स्थित गुंडिचा मंदिर में जगन्नाथ रथ यात्रा समिति बड़ा रथ की ओर से छप्पन भोग का प्रदर्शन किया गया। समिति के मीडिया प्रभारी राजीव गुप्त ने बताया कि दर्शन के बाद श्रद्धालुओं के लिए कढ़ी-चावल, सब्जी, कचौड़ी, मिठाई सहित विभिन्न व्यंजनों का विशाल भंडारा आयोजित किया गया। समिति के संरक्षक हरिश्चंद केसरवानी, अध्यक्ष कृष्ण भगवान केसरवानी, महामंत्री मोहित कुमार जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, कीडगंज स्थित प्राचीन श्री जगन्नाथ स्वामी मंदिर में भगवान राधा रमन का विशेष शृंगार किया गया। पूजन और महाआरती के बाद भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया। रथ यात्रा समिति के आयोजक डॉ. महेंद्र तिवारी ने बताया कि महाप्रसाद में दमलू, तीन प्रकार की सब्जी, चावल, कचौड़ी, बूंदी और हलवा सहित अन्य व्यंजन श्रद्धालुओं में वितरित किए गए। आयोजन में पदुम जायसवाल, अनंत अग्रवाल, पप्पू कुशवाहा, पीयूष जायसवाल और अन्य श्रद्धालुओं का सहयोग रहा।