इलाहाबाद। विधान परिषद विद्युत जांच समिति की तीन सदस्यीय समिति ने मंगलवार को सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर में बिजली आपूर्ति की समीक्षा की। समिति अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़ की अध्यक्षता में समिति ने शहर में बिजली आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
समिति ने बिजली चोरी रोकने को लेकर चलाए गए अभियानों की समीक्षा के बाद अधिकारियों को निर्देशित किया कि छोटे बिजली चोरों की जगह बड़े बिजली चोरों पर नजर रखी जाय। समिति ने शहर से लेकर देहात तक विद्युतीकरण योजनाओं की समीक्षा की। निर्देशित किया कि 2016 में सबको बिजली कनेक्शन देने की विस्तृत योजना तैयार की जाय।
राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए इसमें तेजी लाने का निर्देश अधिकारियों को दिया। समिति ने निर्देशित किया कि फुंके ट्रांसफार्मरों को किसी भी सूरत में 72 घंटे के भीतर बदल दिया जाय। समिति ने दिन मेें स्ट्रीट लाइटों के जगमग होने पर गहरी नाराजगी जताते हुए इस पर अंकुश लगाने की बात कही। निर्देशित किया कि नगर निगम प्रशासन के साथ बैठक कर पूरे शहर में टाइमर लगवाए जायें ताकि बिजली की बर्बादी को रोका जा सके।
समिति ने शहर में 25 फीसदी लाइन लॉस को भी लेकर असंतोष जाहिर किया। निर्देशित किया कि किसी भी सूरत में इसे केंद्र सरकार की तर्ज पर 15 फीसदी पर लाया जाय। लाइन लॉस रोकने को लेकर हर संभव कदम उठाए जायें। बैठक में मुख्य अभियंता एसपी पांडे, अधीक्षण अभियंतागण अश्वनी कुमार, शैलेंद्र कुमार, ट्रांसमिशन के मुख्य अभियंता जीपी वर्मा, नोडल अधिकारी बीबी राय, अधिशासी अभियंतागण हरीश चौधरी, डीके चौधरी, एके सिंह, अनिल अरोरा, एमके सिंह, योगेश कुमार समेत कई विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।