दो वर्ष में पूरी होगी चयन बोर्ड की एक शिक्षक भर्ती
प्रयागराज। लंबे इंतजार के बाद उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में खाली शिक्षकों के पद भरने के लिए संभावित कैलेंडर जारी कर दिया है। चयन बोर्ड यदि इस कैलेंडर पर पूरी तरह अमल करेगा तो एक शिक्षक भर्ती (टीजीटी-पीजीटी) पूरी करने में ही उसे दो वर्ष का समय लग जाएगा। कैलेंडर के मुताबिक अक्तूबर महीने तक शिक्षक भर्ती के लिए विज्ञापन जारी हो सकता है। इस भर्ती में 25 हजार से अधिक शिक्षकों के पद शामिल होने का अनुमान है।
युवाओं को रोजगार देने के एजेंडे के साथ 2017 में सत्ता में आई योगी सरकार की यह माध्यमिक विद्यालयों के लिए पहली शिक्षक भर्ती होगी। इससे पूर्व में 2016 में सपा सरकार के समय में आई टीजीटी-पीजीटी भर्ती की परीक्षा फरवरी-मार्च 2019 में पूरी हो सकी। अभी तक चयन बोर्ड इस भर्ती परीक्षा की उत्तर कुंजी तक जारी नहीं कर सका है। प्रस्तावित कैलेंडर के हिसाब से अक्तूबर में शिक्षक भर्ती का विज्ञापन निकलेगा और 30 नवंबर तक आवेदन का मौका रहेगा। आवेदन पत्रों को वर्गवार सूचीबद्ध करने के बाद मई 2020 में लिखित परीक्षा कराई जाएगी। इसके लिए प्रवेश पत्र परीक्षा से 10 दिन पहले जारी किया जाएगा। नतीजा यूपी चुनाव के करीब दो महीने पहले आएगा।