कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर चौरीचौरा एक्सप्रेस के एसी थ्री टियर के चार कोच पटरी से उतर जाने की घटना के बाद यह ट्रेन बिना उन चारों कोचों के प्रयागराज जंक्शन पहुंची। घटना के बाद रेलवे प्रशासन द्वारा जंक्शन पर लगातार एनाउंसमेंट किया गया, जिसमें यात्रियों को जानकारी दी गई कि ट्रेन में बी4, बी5, बी6 और बी 7 कोच शामिल नहीं हैं। चार एसी कोच न होने के कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
स्थिति को संभालते हुए रेलवे ने यात्रियों के सामने दो विकल्प रखे। पहला यह कि जो यात्री यात्रा नहीं करना चाहते, वे अपना पूरा रिफंड प्राप्त कर सकते हैं। दूसरा विकल्प यह दिया गया कि यात्री 05003 स्पेशल चौरीचौरा ट्रेन से सफर कर सकते हैं। जो कुछ देर बाद प्रयागराज आने वाली है। हालांकि, इस स्पेशल ट्रेन में इन यात्रियों को एसी के बजाय स्लीपर कोच में यात्रा करनी होगी।
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्पेशल चौरीचौरा के स्लीपर कोच में सफर करने वाले उन यात्रियों को कंबल और बेडरोल की सुविधा दी जाएगी, जिनका रिजर्वेशन चौरीचौरा एक्सप्रेस के एसी कोच में था। इसके अलावा, यात्री स्लीपर और एसी थ्री कोच के किराए के अंतर का रिफंड भी प्राप्त कर सकते हैं। मंडल पीआरओ अमित कुमार सिंह ने स्पेशल चौरीचौरा के यात्रियों के लिए चाय, नाश्ते के प्रबंध की भी बात कही।
उधर कानपुर की घटना के बाद 15003 चौरीचौरा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से लगभग सवा दो घंटे की देरी से, रात करीब 11:10 बजे प्रयागराज जंक्शन पर पहुंची। जिन यात्रियों का एसी कोच में रिजर्वेशन था वह परेशान रहे कि सफर करें या नहीं। छठ की वजह से संबंधित कोच में कानपुर, फतेहपुर, प्रयागराज से काफी यात्रियों को उसमें रिजर्वेशन था।