सपा के ट्विटर हैंडल संचालक मनीष जगन अग्रवाल पर दो मामलों में चार्जशीट दाखिल की गई है। यह दोनों मामले पूर्व सपा नेत्री रिचा सिंह ने दर्ज कराए थे। विवेचना में सामने आए तथ्यों क आधार पर पुलिस ने आरोप सही पाते हुए यह कार्रवाई की है।
मनीष जगन अग्रवाल मूल रूप से पुरवारी टोला थाना बिसवां जनपद सीतापुर का रहने वाला है। वर्तमान में वह सेलिब्रिटी मिंडोज, सुशांत गोल्फ सिटी लखनऊ में रहता है। 18 व 23 अगस्त को रिचा सिंह ने शिवकुटी थाने में उसके खिलाफ दो मुकदमे दर्ज कराए थे। इनमें से एक मुकदमे में छेड़खानी, धमकी व आईटी एक्ट की धाराएं लगी थीं। आरोप था कि रिचा के एक ट्वीट के उत्तर में मनीष ने अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। साथ ही अपमानित करने व देख लेने की धमकी दी। दूसरे मुकदमे में लज्जा भंग करने का आरोप लगाया गया था। आईटी एक्ट की भी धाराएं लगी होने के कारण मुकदमे की विवेचना कर्नलगंज इंस्पेक्टर बृजेश सिंह को स्थानांतरित की गई थी। उन्होंने विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर दोनों मुकदमों में चार्जशीट दाखिल कर दी।
लखनऊ में भी दर्ज हो चुका है केस
मनीष जगन अग्रवाल पर लखनऊ में भी केस दर्ज हो चुका है। छह जनवरी को भाजपा युवा मोर्चा की सोशल मीडिया इंचार्ज ऋचा राजपूत ने समाजवादी पार्टी मीडिया सेल नाम से बने ट्विटर हैंडल से दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए हजरतगंज थाने में केस दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने मनीष को गिरफ्तार भी किया था।