सावन माह के पहले सोमवार को विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भक्तों ने गंगोली शिवाला मंदिर, आवास विकास कॉलोनी के शिव मंदिर, छतनाग के नागेश्वर मंदिर समेत अन्य शिवालयों में जलाभिषेक किया। साथ ही उन्हें भांग, धतूरा व बेलपत्र अर्पित किए। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजते रहे।
सावन माह के पहले सोमवार को भक्त सुबह से ही शिवालय पहुंचने लगे थे। गंगोली शिवाला मंदिर के साथ अन्य शिवालयों में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। कई मंदिरों में जलाभिषेक का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।
भीड़ को देखते हुए मंदिर समितियों और स्थानीय प्रशासन ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए थे। ज्योतिर्विद राम जी त्रिपाठी ने बताया कि सावन माह में भगवान शिव का जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि का वास होता है।