निजी अस्पतालों में कोरोना टीकाकरण बंद कर दिया गया है। इस नए नियम से निजी केंद्रों पर वैक्सीन की पहली डोज लगवा चुके लोग दूसरी डोज लगवाने को भटक रहे हैं। वहीं अब 45 पार और साठ वर्ष से अधिक आयु के लोगों को टीकाकरण के लिए कोविन पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। सोमवार दस मई से यह व्यवस्था लागू होगी। जबकि पहली डोज लगवा चुके लोगों के लिए पूर्व की व्यवस्था बहाल रहेगी।
बुजुर्गों के साथ 45 से 59 वर्ष तक के लोगों को पंजीकरण कराने के अलावा टीकाकरण केंद्रों पर आधार लेकर जाने पर कोरोना का टीका लगाया जाता रहा है। यह व्यवस्था अब बदली जा रही है। सीएमओ डॉ. प्रभाकर राय के मुताबिक शासन के निर्देश पर 45 वर्ष से अधिक आयु वालों को अब कोरोना टीका लगवाने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। इसी तरह 18 से 44 वर्ष आयु वालों को कोविन पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अनिवार्यता है, स्लॉट बुक होने पर ही केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पंजीकरण या पोर्टल संबंधी दिक्कतों के लिए मोबाइल नंबर 9935636968 तथा 8115104700 पर संपर्क किया जा सकता है।