चंद्रशेखर आजाद पार्क में बिना टिकट प्रवेश की अमर उजाला की ओर से छेड़ी गई मुहिम रंग लाई। बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सार्थक पहल करते हुए आजाद पार्क के साथ ही भारद्वाज आश्रम पार्क में भी बिना टिकट प्रवेश की घोषणा की। सीएम ने कहा कि सिर्फ स्वच्छता अभियान के लिए जन सहयोग लिया जा सकता है। बाकी, पार्कों के विकास और इनके रखरखाव की जिम्मेदारी प्रदेश सरकार वहन करेगी। इसके लिए उन्होंने नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना को इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा। मुख्यमंत्री ने दोनों पार्कों के सुंदरीकरण और विकास की भी घोषणा की। इसका प्रस्ताव मंजूर भी हो चुका है। जल्द ही काम शुरू होगा।
आजाद पार्क के रखरखाव के लिए पांच रुपये का टिकट लगाया गया है। प्रशासन के इस निर्णय के खिलाफ अमर उजाला की ओर लगातार खबरें लिखी गईं। इससे बने दबाव के बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 25 जून को घोषणा की थी कि सुबह-शाम सैर करने वालाें का टिकट नहीं लगेगा। सिर्फ दिन में 10 से छह बजे के बीच टिकट लगेगा। इसकी प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ। उप मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद इस पर अमल नहीं होने को लेकर लगातार खबरें छापी गईं। पार्क में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जाते हैं लेकिन टिकट लगने के बाद उनका यह ठिकाना भी छिन गया। इसके अलावा साइकिल स्टैंड का टिकट भी उनके सपनों में बाधा बनी। प्रतियोगियों के इस दर्द को भी लगातार उठाया गया। इस मुहिम से बने दबाव के बाद उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री के समक्ष चंद्रशेखर आजाद में मुफ्त सैर की बात रखी, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। आजाद पार्क के अलावा भारद्वाज आश्रम में भी प्रवेश के लिए टिकट लगता है। मुख्यमंत्री ने दोनों ही पार्क में मुफ्त प्रवेश की घोषणा की। साथ में नगर विकास मंत्री से इसे सुनिश्चित करने के लिए कहा।
इससे पहले नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने भी घोषणा की कि पर्यटन की दृष्टि से दोनों पार्क खासतौर पर विकसित किए जाएंगे। इनका डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर के अन्य पांच पार्क भी विकसित किए जाएंगे। सभी काम अर्द्धकुंभ से पहले पूरे हो जाएंगे।